Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandदेशराज्य

केदारनाथ धाम के कपाट विधिपूर्वक खोले गए, 108 क्विंटल फूलों से सजा धाम.. मुख्यमंत्री बने साक्षी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की पूजा-अर्चना, प्रधानमंत्री को समर्पित हुई पहली पूजा।
“हर हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठी बाबा केदार की नगरी।
आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम है केदारनाथ : मुख्यमंत्री
कपाट खुलने पर पुष्प वर्षा से श्रद्धालुओं में उमंग।

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के तहत आज शुक्रवार 2 मई 2025 को रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं. बाबा केदार के कपाट आज सुबह 7 बजे बैशाख, मास, मिथुन राशि, वृष लग्न में पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोले गए. इस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। उन्होंने पूजा अर्चना कर राज्य में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। केदारनाथ में सबसे पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर सम्पन्न हुई। मंत्र उच्चारण और हर हर महादेव के जयकारों के बीच सुबह 7 बजे बाबा केदार के कपाट खोले गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय संपूर्ण देश के लिए महत्वपूर्ण है और केदारनाथ धाम भारतीय धार्मिक आस्था का केंद्र है। उन्होंने बाबा केदार से सभी श्रद्धालुओं के लिए मंगलमयी यात्रा की प्रार्थना की।

वर्ष दर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है, और राज्य सरकार ने चार धाम यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने सभी उत्तराखंडवासियों से अपील की कि वे यात्रियों का स्वागत आत्मीयता और सेवा भाव से करें।

कपाट उद्घाटन के लिए केदारनाथ मंदिर को 108 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया है। कपाट खुलते ही हेली से पुष्प वर्षा हुई, जिससे श्रद्धालु अभिभूत हो गए।

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली मेगा यात्रा के बाद ओंकारेश्वर मंदिर से केदारनाथ धाम पहुंची। सुबह 5 बजे से कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हुई। ठीक 7 बजे केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए।

Leave a Comment