Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

श्रीनगर गढ़वाल में श्रद्धालुओं और स्थानीयों के बीच टकराव, सिख तीर्थ यात्रियों ने लहरा दी तलवारें

श्रीनगर गढ़वाल (पौड़ी) : उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में सोमवार देर रात उस समय तनाव पैदा हो गया जब हेमकुंड साहिब यात्रा पर निकले कुछ श्रद्धालुओं और स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद बढ़ते ही श्रद्धालुओं ने तलवारें निकाल लीं और स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, 3 जून की रात श्रीनगर में स्थानीय युवकों द्वारा श्रद्धालुओं की बाइक पर की गई टिप्पणी से विवाद शुरू हुआ। कहा जा रहा है कि तीखी कहासुनी के बाद मामला हिंसा तक पहुंच गया। कुछ श्रद्धालुओं ने कथित रूप से तलवार से हमला किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलाया गया। पुलिस ने तलवार से हमला करने के आरोप में  7 लोगों  को गिरफ्तार किया है। वहीं, विरोध में हाईवे जाम करने वाले स्थानीय लोगों पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति बनी हुई है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। मगर इस घटना ने चारधाम यात्रा जैसे पवित्र और संवेदनशील मौके पर सांप्रदायिक सौहार्द और स्थानीय संवाद की ज़रूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

श्रीनगर गढ़वाल चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु गुजरते हैं, जिससे ट्रैफिक और सामाजिक तनाव की संभावनाएं बनी रहती हैं। प्रशासन के लिए यह एक चेतावनी है कि भविष्य में ऐसे विवादों को सामूहिक संवाद और पूर्व-संयोजन से रोका जाए।

Leave a Comment