दिल्ली में कोरोना से 5 महीने के बच्चे और 87 वर्षीय बुजुर्ग की मौत.
नई दिल्ली: देशभर में कोरोना का नया वेरिएंट फिलहाल अत्यधिक घातक नज़र नहीं आ रहा है, लेकिन यह पहले से बीमार और कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे के भीतर कोरोना से दो मरीजों की मौत हुई है, जिनमें एक 5 महीने का शिशु और एक 87 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं।
5 महीने का बच्चा जीडीडी, सीओसीपी, मिर्गी के दौरे, सांस लेने में असमर्थता, सेप्सिस और गंभीर निमोनिया से पीड़ित था। वहीं बुजुर्ग मरीज को हृदय रोग, किडनी संबंधी समस्या, गंभीर एआरडीएस, कोविड निमोनिया और सेप्टिक शॉक जैसी गंभीर बीमारियाँ थीं। दोनों मरीज इलाज के दौरान कोरोना संक्रमित हुए और उनकी मौत हो गई।
पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 105 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही, राजधानी में इस वेरिएंट से मरने वालों की कुल संख्या सात हो गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि नया वेरिएंट कमजोर इम्यूनिटी वाले, पहले से बीमार और बुजुर्ग लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक है। इसलिए इन वर्गों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। हालांकि, अधिकांश मामलों में यह वेरिएंट सामान्य फ्लू जैसे लक्षण ही दिखा रहा है।
