नई दिल्ली: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी।
प्रदर्शनी में मोदी सरकार की प्रमुख नीतियों और उपलब्धियों के साथ-साथ हाल ही में बनी दिल्ली सरकार द्वारा 100 दिनों में किए गए कार्यों की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही एक प्रोफेशनल मीट का भी आयोजन होगा, जिसमें विशेषज्ञों के बीच संवाद के माध्यम से केंद्र सरकार के विकास कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने पारदर्शिता, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की राजनीति को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा, “जहां केंद्र सरकार ने समावेशी विकास का रास्ता अपनाया, वहीं पूर्ववर्ती दिल्ली सरकार में भ्रष्टाचार और झूठ की राजनीति हावी रही। अब रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली में सुशासन की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं, जिनमें आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाएं शामिल हैं।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत ने सामाजिक कल्याण में बड़ी छलांग लगाई है। 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने और अति-गरीबी में 80 प्रतिशत तक की कमी लाने का श्रेय केंद्र सरकार को जाता है।
दक्षिणी दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मोदी सरकार ने देश में सकारात्मक और दूरदर्शी राजनीति को बढ़ावा दिया है, जिससे ‘विकसित भारत’ की अवधारणा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी बीते 11 वर्षों की उन ऐतिहासिक उपलब्धियों को सामने लाएगी, जिन्होंने भारत की छवि वैश्विक मंच पर बदली है।
भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने भी कहा कि कोरोना संकट के दौरान जब दिल्ली में अव्यवस्था थी, तब केंद्र सरकार ने कदम बढ़ाकर मदद की थी। उन्होंने सेंट्रल विस्टा, भारत मंडपम, कर्तव्यपथ, यशोभूमि, रैपिड रेल और टनल रोड जैसे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी दिल्लीवासियों के लिए गर्व का विषय हैं।
