देहरादून: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। हरिद्वार जिले को छोड़कर शेष 12 जिलों में पंचायत चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे। नामांकन प्रक्रिया 25 जून से 28 जून 2025 तक सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। यह जानकारी राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आरक्षण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और पंचायती राज सचिव द्वारा 21 जून को चुनाव अधिसूचना जारी कर दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी 23 जून को स्थानीय स्तर पर चुनाव सूचना जारी करेंगे। मतगणना 19 जुलाई को एक साथ की जाएगी।
चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही प्रदेश के 12 जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। कुल 66,418 पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:
ग्राम पंचायत सदस्य: 55,587 पद
ग्राम प्रधान: 7,499 पद
क्षेत्र पंचायत सदस्य: 2,974 पद
जिला पंचायत सदस्य: 358 पद
चुनाव प्रक्रिया में 8276 मतदान केंद्र और 10,529 मतदान स्थल बनाए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम:
21 जून: चुनाव अधिसूचना जारी
25-28 जून: नामांकन (सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक)
29 जून-1 जुलाई: नामांकन पत्रों की जांच
2 जुलाई: नाम वापसी की तिथि
3 जुलाई: पहले चरण के चुनाव चिन्हों का आवंटन
10 जुलाई: पहले चरण का मतदान (सुबह 8 से शाम 5 बजे)
8 जुलाई: दूसरे चरण के चुनाव चिन्हों का आवंटन
15 जुलाई: दूसरे चरण का मतदान (सुबह 8 से शाम 5 बजे)
19 जुलाई: दोनों चरणों की संयुक्त मतगणना

