Udayprabhat
uttrakhand

Haridwar: किसानों और कमजोर वर्ग को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराये ऋणः जिलाधिकारी

जनपद में कोई भी बैंकर न बनाए अपने-नियम कानूनः डीएम.

हरिद्वार: जनपद में किसानों और कमजोर वर्ग के व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यह निर्देश जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में बैंकर्स जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलआरसी) की बैठक लेते हुए दिये।

जिलाधिकारी ने सभी बैंकर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद का ऋण-जमानुपात बढ़ाया जाए और सभी बैंकर्स किसानों कमजोर वर्ग के व्यक्तियों को विशेष प्राथमिकता के आधार पर सकारात्मक सोच के साथ ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि आगामी बैठकों में बैंको के शीर्ष अधिकारी ऋण आवेदन पत्रों की सम्पूर्ण जानकारियों सहित स्वयं प्रतिभाग करें। जिलाधिकारी ने सभी बैंकर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में कोई भी एटीएम खराब हो तो उसे कांवड़ यात्रा से पहले सही करा लिया जाए, कोई भी एटीएम खराब होने की सूचना मिलती है तो संबंधित बैंकर्स के खिलाफ नियमानुसार सख्ती से कार्यवाही की जायेगी।

उन्होंने राष्ट्रीय स्तर से कम ऋण जमानुपात वाले बैंकर्स पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिये कि आकांक्षी जनपद की संभावनाओं के अनुरूप स्वरोजगार के इच्छुक व्यक्तियों को ऋण उपलब्ध कराते हुए अगली बैठक तक ऋण जमा अनुपात 40 प्रतिशत से ऊपर करने के निर्देश दिए। उन्होने वार्षिक ऋण जमा योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि साइट पर सही व सटीक डाटा अपलोड हो और उसमें कोई भी गड़बड़ी न हो व सभी बैंकर्स सतर्क रहें। जिलाधिकारी ने लीज के तालाब पर मत्स्य पालन कर रहे व्यक्तियों को कुछ बैंकर्स द्वारा ऋण उपलब्ध न कराने पर सख्त नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बैंकर्स को हिदायत देते हुए कहा कि सभी बैंकर्स ऋण मुहैया कराने में आरबीआई की गाइड लाइन का अनुपालन करना सुनिश्चित करें, कोई भी बैंकर जनपद में अपने नियम कानून न बनाए। उन्होंने सभी बैंकर्स को स्पष्ट निर्देश दिये कि तालाब लीज पर लेकर मत्स्य पालन कर रहे व्यक्तियों को भी प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि बैंकों में आने वाले ग्राहकों के प्रति बैंकर्स स्वंय संवेदनशील रहें। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समयान्तर्गत पूरा किया जाए।

Leave a Comment