देहरादून: उत्तराखंड शासन ने अधिकारियों की तैनाती को लेकर एक नई सूची जारी की है, जिसमें दो आईएएस और एक सचिवालय सेवा अधिकारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह तीनों अधिकारी लंबे समय से तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे थे।
2014 बैच के IAS रोहित मीणा को बाध्य प्रतीक्षा से मुक्त करते हुए अपर सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग नियुक्त किया गया है। रोहित मीणा हाल ही में स्टडी लीव से लौटे हैं और कार्मिक विभाग में जॉइनिंग देने के बाद से ही नई जिम्मेदारी की प्रतीक्षा में थे।
वहीं 2016 बैच के IAS नरेंद्र सिंह भंडारी को अपर सचिव, नियोजन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वे भी प्रदेश में वापसी के बाद से तैनाती आदेश का इंतजार कर रहे थे।
इसके अलावा सचिवालय सेवा के अधिकारी संतोष बडोनी, जिन्हें हाल ही में प्रमोशन मिला है, को अपर सचिव, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग बनाया गया है। शासन के इस निर्णय से लंबे समय से प्रतीक्षारत इन अधिकारियों को जिम्मेदारियां मिलने से प्रशासनिक कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद है।
