Udayprabhat
accidentuttrakhandदेहरादून

देहरादून रोड पर थार वाहन हादसे का शिकार, दो घायल -तेज रफ्तार बनी वजह

मसूरी: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को मसूरी-देहरादून रोड पर चुनाखाला के पास एक तेज रफ्तार थार वाहन अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया और पलट गया। हादसे में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

चश्मदीदों के मुताबिक वाहन तेज गति में था और मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे सीधा पहाड़ी से टकराकर वाहन पलट गया।

गौरतलब है कि एक दिन पहले भी मसूरी-टिहरी बाइपास रोड पर IDH बिल्डिंग के पास एक थार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें एक युवक और एक युवती घायल हुए थे।

मौके पर पहुंची मसूरी पुलिस ने वाहन संख्या BR09-AQ-0018 को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात बहाल किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण पाया गया है।

हादसे में घायल युवकों की पहचान अनिकेत आनंद (20 वर्ष), पुत्र अमित कुमार, निवासी बेगूसराय, बिहार और ऋषभ कुमार (19 वर्ष), पुत्र रंजीत कुमार, निवासी चालक नगर, बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है। दोनों को मामूली चोटें आई हैं और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

स्थानीय प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे विशेष रूप से बरसात के मौसम में पहाड़ी सड़कों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, क्योंकि इन दिनों सड़कें अत्यधिक फिसलन भरी हो जाती हैं।

Leave a Comment