धनौल्टी: उत्तराखंड के टिहरी जिले के घनसाली तहसील अंतर्गत एक दर्दनाक हादसे में दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों छात्र स्कूल से घर लौट रहे थे और रास्ते में अचानक तेज बारिश और तूफान के कारण एक बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार को घनसाली क्षेत्र के नेल गांव के पास हुआ। मृतक छात्रों की पहचान 16 वर्षीय आरभ बिष्ट (पुत्र दरमियान सिंह) और 14 वर्षीय मानसी (पुत्री ईश्वर सिंह) के रूप में हुई है। आरभ 10वीं और मानसी 9वीं कक्षा में जीआईसी घुमेटीधार में पढ़ाई कर रहे थे।
पूर्व ग्राम प्रधान दुर्गा प्रसाद नौटियाल ने बताया कि घटना के समय दोनों छात्र स्कूल से पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक आए तेज बारिश और तूफान के बीच एक भारी-भरकम पेड़ गिर पड़ा, जिससे वे दब गए। उनके साथ चल रहे अन्य छात्रों ने तुरंत गांववालों को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। भारी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों के शवों को पेड़ के नीचे से निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। आरभ दो भाइयों में बड़ा था, जबकि मानसी चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और क्षेत्र में सुरक्षित मार्गों के निर्माण की मांग की है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जा रही है कि वे इस दर्दनाक हादसे को संज्ञान में लें और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाएं।
