Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में महिलाओं के लिए नि:शुल्क ब्यूटीशियन प्रशिक्षण शुरू

देहरादून: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोशनी जन सेवा संस्था ने देहरादून में नि:शुल्क ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित अनुसूचित जाति जीविका योजना पीएम ए जे ए वाई (PMAJAY) के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष गीता राम जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दीपनगर, अजबपुर कलां, देहरादून स्थित संस्था परिसर में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण 2 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चलेगा और इसकी अवधि चार माह निर्धारित की गई है।

प्रशिक्षक मास्टर ज्योति सैनी ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को हेयर स्टाइल, ब्राइडल मेकअप, थ्रेडिंग, कटिंग, फेशियल सहित विभिन्न ब्यूटीशियन विधाओं में दक्ष बनाया जाएगा। विशेष बात यह है कि सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सामग्री संस्था द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

निगम के सहायक प्रबंधक अब्दुल वहाब ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों के कौशल का विकास कर उन्हें रोजगार या स्वरोजगार के योग्य बनाना है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली प्रतिभागियों को स्वयं का रोजगार शुरू करने हेतु निगम की ओर से अधिकतम ₹50,000 तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
सहायक प्रबंधक ने संस्था को गुणवत्ता युक्त एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए हैं। इस पहल से क्षेत्र की महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है।

Leave a Comment