देहरादून। होली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की अराजकता, जबरन रंग डालने, शराब पीकर उत्पात मचाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए सीधे जेल भेजा जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि पिछले वर्षों में होली के दौरान हुए विवादों और घटनाओं का विस्तृत अध्ययन कर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की गई है। साथ ही संभावित उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई अमल में लाई गई है। सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।

जनपद को तीन सुपर जोन, आठ जोन, 21 सेक्टर और 53 सब-सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, दंगा नियंत्रण उपकरण, मोबाइल गश्ती दल और पीसीआर वाहन तैनात रहेंगे।
सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने या भ्रामक पोस्ट के माध्यम से माहौल खराब करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से शांति एवं भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की है।
