Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

चमोली में भूस्खलन का कहर, हेलंग में THDC डैम साइट पर गिरा पहाड़, कई मजदूर घायल, राहत बचाव कार्य जारी

टीएचडीसी प्रोजेक्ट में भूस्खलन, मजदूरों ने भागकर बचाई जान.

चमोली: चमोली ज़िले के जोशीमठ के पास हेलंग क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ। टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड़ पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के डैम साइट पर अचानक पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इस भूस्खलन की चपेट में आकर कंपनी के 12 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय साइट पर लगभग 300 मजदूर मौजूद थे, जिनमें से करीब 70 कर्मचारी और मजदूर सीधे प्रभावित क्षेत्र में कार्य कर रहे थे।

भूस्खलन होते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सतर्कता और त्वरित चेतावनी से कई लोगों ने समय रहते भागकर जान बचा ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि किसी की मृत्यु नहीं हुई है। 12 मजदूर घायल हैं, जिनमें से चार का इलाज टीएचडीसी अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि दो गंभीर घायलों को स्वामी विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी और एक को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर रेफर किया गया है।

घटना के वक्त परियोजना के डाइवर्जन निर्माण के चलते अलकनंदा नदी को 300 मीटर लंबी डाइवर्जन टनल में मोड़ा गया था। इनटेक टनल के समीप बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और निर्माण एजेंसी को सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने के निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Comment