बागेश्वर: उत्तराखंड को रेल संपर्क के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। लंबे समय से प्रतीक्षित टनकपुर-बागेश्वर रेलवे परियोजना पर अब केंद्र और राज्य सरकारों के बीच औपचारिक सहमति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। केंद्र सरकार ने इस 170 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पर कार्य प्रारंभ करने के लिए राज्य सरकार को पत्र भेजकर मंजूरी मांगी है, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी तेजी से कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य सरकार जल्द ही केंद्र सरकार को इस संबंध में अपनी औपचारिक सहमति भेजेगी। इस परियोजना के सर्वेक्षण कार्य पहले ही पूर्ण हो चुके हैं, और अब काम शुरू होने की संभावना काफी प्रबल हो गई है। यह रेल लाइन कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे बागेश्वर और अन्य पर्वतीय जिलों का सीधा रेल संपर्क मैदानी क्षेत्रों से स्थापित हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि वे टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को लेकर केंद्र द्वारा मांगी गई औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करें, ताकि कार्य जल्द शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर गंभीर है और सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में तेजी
टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना के अलावा राज्य सरकार अन्य रेल परियोजनाओं को लेकर भी सक्रिय है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-उत्तरकाशी और देहरादून-सहारनपुर रेल लाइनों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है। इन सभी योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड का रेल नेटवर्क पहले से अधिक सशक्त और सुगम बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं।
स्थानीय जनता में उम्मीदें जागी
टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना की प्रगति की खबर से बागेश्वर और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में आशा और उत्साह का संचार हुआ है। वर्षों से इस रेललाइन की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने की ओर अग्रसर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रेल मार्ग के बन जाने से परिवहन की सुविधा तो बढ़ेगी ही, साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास को भी बड़ा बल मिलेगा।
केंद्र और राज्य सरकार की साझा कोशिशों से यह बहुप्रतीक्षित परियोजना अब जमीन पर उतरने की दिशा में बढ़ रही है। अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार चला, तो जल्द ही उत्तराखंड की धरती पर टनकपुर से बागेश्वर तक रेलगाड़ी दौड़ती नजर आएगी।
