लाल किले से पीएम मोदी का 12वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन: योजनाओं, अभियानों और भविष्य की राह पर बड़ा रोडमैप.
2014 से 2025 तक हर स्वतंत्रता दिवस भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सामने रखी नई योजनाएं और विज़न; स्वच्छ भारत से लेकर सेमीकंडक्टर मिशन और मिशन सुदर्शन चक्र तक का सफ़र.
नई दिल्ली: देशभर में आजादी का 79वां पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी दिल्ली के लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। अपने अब तक के सबसे लंबे संबोधन में उन्होंने कई नई योजनाओं का ऐलान किया और बीते 11 वर्षों के दौरान स्वतंत्रता दिवस पर शुरू किए गए प्रमुख अभियानों की झलक भी पेश की।
2014: स्वच्छ भारत और मेक इन इंडिया की शुरुआत
पहले स्वतंत्रता दिवस भाषण में पीएम मोदी ने दो बड़ी पहलें शुरू कीं—स्वच्छ भारत अभियान और मेक इन इंडिया।
स्वच्छ भारत अभियान: 2 अक्टूबर 2014 को लॉन्च हुआ यह राष्ट्रीय मिशन देश की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने के उद्देश्य से शुरू किया गया।
आज की स्थिति: 761 जिलों के 5,87,546 गांव ओडीएफ प्लस घोषित हो चुके हैं, जहां ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन लागू है।
मेक इन इंडिया: सितंबर 2014 में शुरू, विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए 27 प्रमुख क्षेत्रों की पहचान।
एफडीआई प्रवाह 2014-15 के $45.14 अरब से बढ़कर 2024-25 में $81.04 अरब डॉलर तक पहुंचा।
महाराष्ट्र, कर्नाटक और दिल्ली सबसे आगे।
2015: स्टार्ट अप इंडिया और स्टैंड अप इंडिया
दूसरे संबोधन में प्रधानमंत्री ने स्टार्ट अप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया का नारा दिया।
स्टैंड अप इंडिया (2016): SC/ST और महिला उद्यमियों को ₹10 लाख से ₹1 करोड़ तक के ऋण की सुविधा।
2024 तक 2.69 लाख ऋण स्वीकृत, कुल राशि ₹61,020.41 करोड़।
स्टार्टअप इंडिया (2016): स्टार्टअप इकोसिस्टम मजबूत करने के लिए लॉन्च।
1.59 लाख स्टार्टअप को मान्यता, भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब।
2016: जीएसटी का एलान
पीएम ने वस्तु एवं सेवा कर (GST) लागू करने की घोषणा की, जिसे 1 जुलाई 2017 से लागू किया गया।
जुलाई 2025 में जीएसटी संग्रह ₹1.96 लाख करोड़, जो जुलाई 2024 की तुलना में 7.4% अधिक।
2017: न्यू इंडिया का सपना
भारत छोड़ो आंदोलन के 75 वर्ष और चंपारण सत्याग्रह की 100वीं वर्षगांठ पर पीएम ने सुरक्षित, समृद्ध और शक्तिशाली न्यू इंडिया बनाने का आह्वान किया।
2018: आयुष्मान भारत योजना
गरीब परिवारों को सालाना ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा देने के लिए 25 सितंबर 2018 को लॉन्च।
41 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी, 9.84 करोड़ लाभार्थियों को फायदा।
31,466 अस्पताल सूचीबद्ध, हाल ही में 70 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ नागरिक भी शामिल।
2019: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) पद का निर्माण
पहली बार तीनों सेनाओं के लिए एकीकृत कमान हेतु सीडीएस पद सृजित।
2019 में जनरल बिपिन रावत पहले CDS बने।
वर्तमान में लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
2020: वोकल फॉर लोकल का मंत्र
पीएम ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और निर्यात बढ़ाने का आह्वान किया।
2024-25 में निर्यात $820.93 अरब—अब तक का सर्वाधिक।
2021: आजादी का अमृत महोत्सव
75 सप्ताह तक स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को याद करने के लिए विशेष कार्यक्रम।
बिरसा मुंडा जयंती, नेताजी दिवस जैसे आयोजन।
2022: 5G तकनीक का एलान
1 अक्टूबर 2022 को 5G सेवाओं की शुरुआत।
25 करोड़ ग्राहक, जियो, एयरटेल और VI प्रमुख प्रदाता।
BSNL 2025 के अंत तक 5G शुरू करेगा।
2023: विश्वकर्मा योजना और लखपति दीदी
विश्वकर्मा योजना: 18 परंपरागत व्यवसायों के कारीगरों को प्रशिक्षण, ऋण और उपकरण।
2.71 करोड़ आवेदन प्राप्त।
लखपति दीदी: 1,48,32,258 महिलाएं सालाना ₹1 लाख+ आय वर्ग में।
15,000 स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन प्रशिक्षण।
2024: मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन
मई 2025 में नोएडा और बेंगलुरु में 3-नैनोमीटर चिप डिजाइन केंद्र शुरू।
भारतीय सेमीकंडक्टर बाजार 2030 तक $100 अरब पहुंचने का अनुमान।
2025: नए एलान और भविष्य की योजनाएं
इस साल प्रधानमंत्री मोदी ने कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की घोषणा की:
1. मिशन सुदर्शन चक्र – रक्षा क्षमताओं को नई दिशा देने वाला कार्यक्रम।
2. नेशनल डेमोग्राफी मिशन – देश की जनसांख्यिकीय ताकत का उपयोग करने की योजना।
3. पीएम विकसित भारत रोजगार योजना – बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन।
4. नेशनल डीप वॉटर एक्सप्लोरेशन मिशन – समुद्री संसाधनों की खोज।
5. नेशनल क्रिटिकल मिनरल्स मिशन – दुर्लभ खनिजों की खोज और दोहन।
6. GST रिफॉर्म्स – टैक्स ढांचे में सुधार और सरलता।
अपने 12वें संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा—”देश 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करेगा। इसके लिए हर क्षेत्र में सुधार, नवाचार और आत्मनिर्भरता आवश्यक है।”
