एशिया कप हॉकी 2025 का भव्य आगाज़, राजगीर बनेगा खेल राजधानी, शुभंकर ‘चांद’ से बढ़ा उत्साह
नीतीश कुमार ने किया ट्रॉफी और शुभंकर का अनावरण, बिहार की खेल क्षमता को मिलेगी नई पहचान
नालंदा/पटना: बिहार के ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी राजगीर में आगामी हीरो एशिया कप हॉकी 2025 की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजधानी पटना स्थित ‘संकल्प’ में टूर्नामेंट के आधिकारिक शुभंकर ‘चांद’ और विजेता ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने ‘ट्रॉफी गौरव यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो पूरे बिहार और कई अन्य राज्यों से होते हुए युवाओं में हॉकी के प्रति उत्साह जगाएगी।
बिहार के लिए ऐतिहासिक क्षण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह टूर्नामेंट बिहार के लिए एक बड़ा अवसर है क्योंकि राज्य में पहली बार इतना प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल के क्षेत्र में बल्कि पर्यटन, संस्कृति और बिहार की वैश्विक छवि को भी नई ऊंचाई देगा।
राजगीर के नए खेल परिसर में 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक यह टूर्नामेंट खेला जाएगा। इसके लिए विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम और अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। हॉकी इंडिया और बिहार सरकार ने मिलकर खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आधुनिक व्यवस्था की है।
शुभंकर ‘चांद’ की खासियत

इस बार का शुभंकर ‘चांद’ दर्शकों का मुख्य आकर्षण है। यह भारत के राष्ट्रीय पशु बाघ पर आधारित है जो साहस, ऊर्जा और कौशल का प्रतीक है। इसके लाल लबादे से शक्ति और जोश झलकता है, जबकि जादूगर की टोपी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को समर्पित है।
‘चांद’ नाम भी मेजर ध्यानचंद से प्रेरित है, जिन्हें चांदनी रातों में अभ्यास करने की वजह से यह नाम मिला था। इसके साथ ही यह शुभंकर बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व से भी जुड़ा हुआ है।
29 अगस्त से रोमांचक मुकाबले

यह आयोजन विशेष रूप से अहम है क्योंकि इसकी शुरुआत 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती पर होगी। इस टूर्नामेंट में भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता का विजेता सीधे हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई करेगा, इसलिए हर मैच रोमांच और चुनौती से भरा होगा।
युवाओं में जोश भरने निकली ट्रॉफी गौरव यात्रा

हॉकी को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को इस आयोजन से जोड़ने के लिए 17 अगस्त से ट्रॉफी गौरव यात्रा शुरू हुई है। यह यात्रा बिहार के सभी जिलों के अलावा चेन्नई, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड से होकर गुजरेगी। इसका मकसद है युवाओं में खेल के प्रति आकर्षण बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का हिस्सा बनाना।
विश्वस्तरीय सुविधाओं की सराहना
हॉकी इंडिया के दिग्गज गोलकीपर पी.आर. सृजेश ने कहा कि बिहार में हॉकी के प्रति गहरा लगाव है। राजगीर का नया हॉकी स्टेडियम और खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल की सुविधाएं विश्वस्तरीय हैं। वहीं, हॉकी इंडिया अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को मोमेंटो भेंट किया और शुभंकर ‘चांद’ का प्रतीक चिह्न सौंपा। कार्यक्रम के दौरान हीरो एशिया कप 2025 से संबंधित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
वरिष्ठ नेताओं और खिलाड़ियों की मौजूदगी

इस ऐतिहासिक अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण, खेल निदेशक महेंद्र कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इसके अलावा ओलंपिक खिलाड़ियों ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की और बिहार में होने वाले इस आयोजन को खेलों के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।
