Udayprabhat
accidentuttrakhand

बीडीसी मेंबर की जीत की खुशियां बदली मातम में, सड़क हादसे में BDC सदस्य के पति की दर्दनाक मौत- ROAD ACCIDENT IN HALDWANI

हल्द्वानी:  काठगोदाम थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पंचायत चुनाव की जीत की खुशियों को मातम में बदल दिया। हाल ही में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के पद पर निर्वाचित हुईं गंगा बिष्ट के पति 57 वर्षीय दीवान सिंह की स्कूटी दुर्घटना में मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार दीवान सिंह, निवासी दौलतपुर गौलापार, बीते दिन अपनी ई-स्कूटी से पंचायत क्षेत्र में घूमकर ग्रामीणों से मुलाकात कर रहे थे। पत्नी गंगा बिष्ट की जीत में सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त करना ही उनका उद्देश्य था। शाम को मुलाकातों के बाद जब वह बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे, तो रास्ते में अचानक सामने आए एक बच्चे को बचाने के प्रयास में उनकी स्कूटी फिसल गई। हादसे में उन्हें सिर पर गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार और क्षेत्र में गहरा शोक छा गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि दीवान सिंह सामाजिक रूप से सक्रिय और मिलनसार व्यक्ति थे। पंचायत चुनाव में उन्होंने पत्नी गंगा बिष्ट के लिए अहम भूमिका निभाई थी। उनकी अचानक मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक के परिजनों का कहना है कि चुनावी जीत के बाद वह लगातार लोगों से मिलकर धन्यवाद ज्ञापित कर रहे थे। हादसे वाले दिन भी वे इसी क्रम में ग्रामीणों से मुलाकात कर लौट रहे थे। दुर्भाग्यवश एक मासूम को बचाने की कोशिश में उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। वहीं, पुलिस ने हादसे की सूचना दर्ज कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

 

Leave a Comment