“सपनों की उड़ान छोटे शहरों से भी संभव” – मनिका
जयपुर: राजस्थान की धरती ने एक और बार इतिहास रच दिया है। श्रीगंगानगर की बेटी मनिका विश्वकर्मा को मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज पहनाया गया। अब वह इस साल के अंत में थाईलैंड में होने वाली 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से न केवल श्रीगंगानगर बल्कि पूरे राजस्थान और देश में हर्ष की लहर है।
मनिका ने जीत के बाद जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह पल उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि “यह राजस्थान के लिए गौरव का क्षण है। मेरी सफलता इस बात का संदेश है कि छोटे शहरों और कस्बों से भी सपनों की बड़ी उड़ान भरी जा सकती है।”
गंगानगर से दिल्ली तक की यात्रा
मनिका ने बताया कि उनकी यात्रा श्रीगंगानगर से शुरू हुई और इसके बाद उन्होंने दिल्ली जाकर प्रतियोगिता की गंभीर तैयारी की। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और साहस ही सफलता की असली कुंजी हैं। “यह खिताब केवल मेरा नहीं है, बल्कि उन सभी का है जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया। यह प्रतियोगिता सिर्फ सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण का भी मंच है।”
जूरी में उर्वशी रौतेला भी रहीं शामिल
प्रतियोगिता में बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स इंडिया उर्वशी रौतेला भी जूरी सदस्य के रूप में मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि इस बार का मुकाबला बेहद कठिन था और प्रतियोगियों के बीच कांटे की टक्कर रही। लेकिन अंततः योग्य विजेता के रूप में मनिका सामने आईं। उर्वशी ने कहा, “यह मेरी मिस यूनिवर्स इंडिया से जुड़ाव की 10वीं वर्षगांठ है और इस मौके पर मनिका जैसी विजेता मिलना गर्व की बात है। मुझे विश्वास है कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराएंगी।”
थाईलैंड में अगली चुनौती
अब मनिका विश्वकर्मा की नजरें मिस यूनिवर्स 2025 पर टिकी हैं। थाईलैंड में होने वाली यह प्रतियोगिता विश्व स्तर की है, जहां दुनियाभर से प्रतिभागी हिस्सा लेंगी। मनिका ने कहा कि वे पूरी तैयारी के साथ उतरेंगी और भारत को गौरवान्वित करने का हर संभव प्रयास करेंगी।
