Udayprabhat
Entertainmentदुनियादेश

हॉरर और रोमांस का अनोखा संगम, ‘थामा’ में आयुष्मान-रश्मिका संग वैंपायर बने नवाजुद्दीन, दिवाली पर होगा धमाका

मडोक फिल्म्स की पहली हॉरर लव-स्टोरी, टीज़र में झलक मिली डर और रोमांस की, दो पार्ट में बनेगी फिल्म

हैदराबाद। ‘स्त्री 2’ के बाद मडोक फिल्म्स अपनी अगली हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘थामा’ को लेकर सुर्खियों में है। दर्शकों को 15 अगस्त को इसकी पहली झलक दिखाई गई थी, जबकि 18 अगस्त को फिल्म की स्टार कास्ट आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और परेश रावल का फर्स्ट लुक रिलीज़ किया गया। इसके बाद मेकर्स ने 19 अगस्त को सुबह 11:11 बजे एक सरप्राइज गिफ्ट देने का वादा किया था, और उस वादे को निभाते हुए फिल्म का धमाकेदार टीज़र जारी कर दिया।

टीज़र में दिखा डर और रोमांस का तड़का

करीब 1.49 मिनट के इस टीज़र की शुरुआत एक रहस्यमयी संवाद से होती है – “रह पाओगी मेरे बिना सौ साल तक, 100 साल क्या एक पल भी नहीं रह पाऊंगी।” इसके बाद कहानी का दरवाज़ा खुलता है और भूतिया खेल शुरू हो जाता है। आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना एक डरावने जंजाल में फंसे नजर आते हैं। इस बीच परेश रावल की झलक मिलती है, जो अपने खास अंदाज़ में माहौल को हल्का करते दिखते हैं।

टीज़र में आयुष्मान और रश्मिका के बीच रोमांस के दृश्य भी हैं, जिन्हें वैंपायर बने नवाजुद्दीन सिद्दीकी देखते हैं। नवाज का संवाद – “रुक क्यों गए, लगे रहो… मैंने 75 साल से रोमांस नहीं देखा है” – दर्शकों के चेहरे पर हंसी और रोमांच दोनों ले आता है।

फर्स्ट लुक से मिला इंटेंस अंदाज़

इससे पहले फिल्म के सभी कलाकारों का फर्स्ट लुक जारी किया गया था। आयुष्मान खुराना को उनके किरदार आलोक के रूप में गहन अंदाज़ में दिखाया गया है, जबकि रश्मिका मंदाना ताड़का रोशनी की भूमिका निभा रही हैं। परेश रावल को उनके लुक में राम बजाज गोयल के रूप में पेश किया गया, जो कॉमेडी में भी ट्रेजडी तलाशने वाले इंसान हैं। वहीं, फिल्म के खलनायक नवाजुद्दीन सिद्दीकी वैंपायर यक्षासन बने हैं, जिन्हें ‘अंधेरे का बादशाह’ बताया गया है। उनका सस्पेंस से भरा लुक दर्शकों को खासा आकर्षित कर रहा है।

क्या बनेगी दो पार्ट में फिल्म?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘थामा’ को दो हिस्सों में बनाने की योजना है। दूसरे पार्ट में भी आयुष्मान, रश्मिका, नवाजुद्दीन और परेश रावल नजर आएंगे। कहानी के अगले चरण में आयुष्मान एक इतिहास के जानकार बनेंगे, जबकि परेश रावल भूतिया स्टडी करने वाले बाबा के रूप में दिखेंगे।

मडोक फिल्म्स की पहली हॉरर लव-स्टोरी

‘थामा’ को लेकर खास बात यह है कि यह मडोक फिल्म्स की पहली हॉरर लव-स्टोरी होगी। फिल्म का स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स रोशन शंकर ने लिखे हैं, जो पहले भी ‘स्त्री’ और ‘भेड़िया’ जैसी फिल्मों से दर्शकों को प्रभावित कर चुके हैं।

दिवाली पर होगा धमाका

मेकर्स ने इस फिल्म को इस साल की दिवाली पर रिलीज़ करने की तैयारी की है। डर और रोमांस से भरपूर यह फिल्म दर्शकों के लिए हॉरर और कॉमेडी का अनोखा मिश्रण लेकर आएगी। अब सभी की निगाहें इसके ट्रेलर और रिलीज़ डेट पर टिकी हैं।

 

Leave a Comment