Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

एशिया कप 2025: भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला 14 सितंबर को, पहली बार बिना विराट-रोहित और बाबर-रिजवान खेलेंगी टीमें- IND VS PAK IN ASIA CUP 2025

हैदराबाद:  एशिया कप 2025 का आगाज़ 9 सितंबर से यूएई में होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और कुल 8 टीमें खिताब की दौड़ में उतरेंगी। लेकिन सबकी नज़रें होंगी भारत और पाकिस्तान के महामुकाबले पर, जो 14 सितंबर को खेला जाएगा।

नई पीढ़ी की टक्कर

भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभालेंगे और उनके डिप्टी होंगे शुभमन गिल। वहीं पाकिस्तान की कप्तानी सलमान अली आगा करेंगे।
दिलचस्प बात यह है कि पहली बार एशिया कप भारत-पाकिस्तान बिना अपने सुपरस्टार खिलाड़ियों के खेलेगा।

भारत के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा अब टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

पाकिस्तान के लिए बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान को इस बार टीम में शामिल नहीं किया गया है।

इसलिए यह महामुकाबला दोनों देशों की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों की हिम्मत, हुनर और प्रदर्शन की असली परीक्षा बनेगा।

भारत का शेड्यूल

भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा। इसके बाद 14 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगा और फिर आखिरी ग्रुप मैच 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ होगा।

IND vs PAK पर विवाद भी बरकरार

हाल ही में खत्म हुई WCL 2025 में भारत चैंपियंस टीम ने पाकिस्तान चैंपियंस के साथ खेलने से इनकार कर दिया था। उसके बाद से ही भारत में सोशल मीडिया पर एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का विरोध हो रहा है। कई प्रशंसक बीसीसीआई और सरकार से अपील कर रहे हैं कि भारत को पाकिस्तान से मैच नहीं खेलना चाहिए।

हालांकि, सरकार और बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि टीम इंडिया एशिया कप में खेलेगी और पाकिस्तान के खिलाफ भी उतरेगी।

गावस्कर का बयान,  खिलाड़ी मजबूर

इस विवाद के बीच पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने खिलाड़ियों का बचाव किया है। उनका कहना है कि “खिलाड़ियों को दोष देना गलत है। वे बीसीसीआई और भारत सरकार के निर्देशों के अधीन हैं। अगर सरकार कहेगी कि खेलना है तो वे खेलेंगे, अगर कहेगी कि नहीं खेलना है तो बीसीसीआई उसके अनुसार फैसला लेगा।

भारतीय स्क्वाड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह।

पाकिस्तानी स्क्वाड

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, साइम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी, सुफियान मोकीम।

रोमांच का इंतज़ार

भारत और पाकिस्तान जब भी मैदान पर उतरते हैं तो मुकाबला सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहता, बल्कि करोड़ों दर्शकों की भावनाओं से जुड़ जाता है। इस बार दिग्गज खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में दोनों टीमें अपने नए सितारों पर दांव लगाएंगी। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि 14 सितंबर का यह मुकाबला एशिया कप 2025 का सबसे रोमांचक मैच साबित होगा।

Leave a Comment