रुड़की: हरिद्वार से रुड़की आ रही बस ने दो बाइक सवार और एक स्कूटी सवार को कुचल दिया। जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह ऋषिकेश डिपो की एक बस हरिद्वार से रुड़की आ रही थी। जैसे ही बस रुड़की लक्सर हाईवे पर नगला इमरती से आगे एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंची आगे चल रही एक बस को गलत साइड से ओवरटेक करने लगी।
बताया जा रहा है कि इस दौरान जैसे ही बस ने ओवरटेक किया तो सामने से आ रही दो बाइक और एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। बस की चपेट में आकर तीनों वाहन दूर तक घिसटते चले गए। वहीं, चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
