देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ने सचिवालय में नौकरी के नाम पर एक युवक से 26 लाख 55 हजार रुपए हड़प थे। इतना ही नहीं नौकरी के नाम पर पैसे लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र तक थमा दिया था। महिला के खिलाफ सचिवालय में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के 3 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। ऋषिकेश निवासी अमित कुमार ने नेहरू कॉलोनी थाने में एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें अमित ने आरोप लगाया था कि महिला रविकांता शर्मा उर्फ रविकांता कोटियाल पत्नी नरेंद्र प्रकाश शर्मा निवासी लेन नंबर – ई सारथी वेडिंग पॉइंट के पीछे अलकनंदा एनक्लेव जोगीवाला ने सचिवालय में नौकरी लगाने के नाम पर 26 लाख 55 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। इतना ही नहीं महिला ने सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर नियुक्ति का फर्जी पत्र तक दिया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की तो जानकारी मिली कि महिला ने युवक को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया था। जिस पर आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश दी। इसी कड़ी में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी महिला को जोगीवाला से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी महिला आयुर्वेदिक विभाग नरेंद्र नगर में प्रधान सहायक के पद पर तैनात है, जिसके विरुद्ध नौकरी के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे हड़पने के संबंध में तीन मुकदमें दर्ज है। आरोपी महिला को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।