देहरादून: नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मेयर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त नमामि बसंल समेत 100 वार्डो के पार्षद मौजूद रहे।
बोर्ड बैठक में निर्णय लिया गया है कि सभी 100 वार्डों में विकास कार्यों के लिए 35- 35 लाख रुपए पार्षदों को दिए जाएंगे. सभी 100 वार्डों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य कार्यों के लिए 05-05 लाख रुपए पार्षदों को दिए जाने का प्रस्ताव जारी किया गया है. बोर्ड बैठक में स्वच्छता समिति में हुए घोटाले का भी असर देखा गया. पार्षद का कहना था उनके वॉर्ड 88 में 10 कर्मचारी नियुक्त थे. लेकिन काम करने के लिए 06 ही सफाई कर्मचारी आ रहे हैं. बाकी 04 कर्मचारियों का वेतन जा रहा है. हालांकि यह नीति पिछले बोर्ड में थी, लेकिन अब नया बोर्ड बन गया है तो पार्षद ने इसकी जांच के लिए महापौर से मांग की है.
बैठक के दौरान मेयर ने दिए निर्देश:
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत पहले लगभग 10 डिस्पेंसरी स्थापित थी. जन सुविधाओं के मद्देनजर सभी डिस्पेंसरी को पुनर्जीवित किए जाने की योजना तैयार किए जाने के निर्देश दिए गए हैं.नगर निगम की आय में वृद्धि किए जाने के लिए निगम क्षेत्र के अंतर्गत व्यावसायिक भूमि को चिन्हित करते हुए उन पर मार्केट और व्यावसायिक कॉम्पेक्स आदि का निर्माण किए जाने का प्रस्ताव तैयार किए जाने के लिए निर्देश दिए गए हैं.
साथ ही जन सुविधा के मद्देनजर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त किए जाने के लिए जोनल जेब्रा फोर्स गठित किए जाने के लिए निर्देश दिए गए. अन्य प्रदेशों के नगर निगमों की तरह गेस्ट हाउस का निर्माण किए जाने के लिए निर्देश दिए गए.
