ऋषिकेश: मराल गांव के खैरखाल के समीप पूर्व कैबिनेट मंत्री के बेटे के रिजाॅर्ट के लिए बिना अनुमति सरकारी भूमि पर सड़क काटने का प्रकरण सामने आया है। इस बात की पुष्टि संबंधित क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक की जांच रिपोर्ट में हुई है। राजस्व निरीक्षक ने रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है।
ग्रामीणों की शिकायत पर इस संबंध में जांच की गई थी।राजस्व उप निरीक्षक ने रिपोर्ट में बताया है कि ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने मौके पर जाकर देखा कि जेसीबी मशीन से सरकारी भूमि को खोदा गया है, जिसकी अनुमति भी नहीं ली गई है। राजस्व उप निरीक्षक महिपाल पुंडीर ने रिपोर्ट में बताया है कि यहां क्रय की गई कुल 10 नाली नाप खेत भूमि के बगल में सड़क से लगती हुई सरकारी भूमि को खुर्द बुर्द किया गया है।
नीलकंठ मार्ग पर मुख्य सड़क से लगते हुए नीचे की ओर 26 मीटर लंबे, चार मीटर चौड़ाई और 1.5 मीटर गहराई में कुल 156 घन मीटर भाग में कटान कर सड़क निर्माण किया जाना पाया गया है। यह भूमि कटान निजी भूमि पर पहुंचने के लिए किया गया था।
