देहरादून : आगामी 31 मार्च को राधा रतूड़ी का उत्तराखंड के मुख्य सचिव पद से कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इससे पहले उन्हें इस पद पर दो बार सेवा विस्तार मिल चुका है। अब तीसरी बाद वे इस पद को फिर से संभालने की इच्छा नहीं रख रही हैं। बीते मंगलवार को उन्होंने राजभवन में राज्यपाल से औपचारिक मुलाकात की।
आनंद बर्द्धन 1992 बैच के IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा में सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं। उनकी वरिष्ठता के चलते उनके मुख्य सचिव बनने की संभावना मजबूत मानी जा रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आनंद बर्द्धन का नाम मुख्य सचिव पद के लिए लगभग तय माना जा रहा है।
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, जो पहले ही दो बार सेवा विस्तार ले चुकी हैं, अब मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) पद के लिए आवेदन कर चुकी हैं। वर्तमान में CIC चयन की प्रक्रिया जारी है, और संभावना है कि सरकार उनके कार्यकाल समाप्त होने से पहले इस पद पर उनकी नियुक्ति कर सकती है।
अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का भी दावा मजबूत
आनंद बर्द्धन के बाद दो अन्य वरिष्ठ IAS अधिकारी भी मुख्य सचिव पद की दौड़ में शामिल हैं। इनमें 1997 बैच के IAS आरके सुधांशु और एल फेनई प्रमुख हैं। हालांकि, वरिष्ठता के आधार पर आनंद बर्द्धन का चयन अधिक संभावित माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, आनंद बर्द्धन का नाम केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए भी प्रस्तावित हो चुका है, लेकिन उन्होंने उत्तराखंड में ही सेवाएं जारी रखने की इच्छा जताई है। ऐसे में उनके नए मुख्य सचिव बनने की संभावना प्रबल हो गई है।