हरिद्वार: शहर के सुमन नगर क्षेत्र में सिंचाई विभाग की जमीन पर बनी अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध धार्मिक स्थलों के खिलाफ चलाए जा रहे बड़े अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. इससे पहले, जिला प्रशासन ने कुछ दिन पहले नोटिस जारी किया था, जिसकी समय सीमा समाप्त होते ही आज बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा! प्रशासन ने साफ किया कि अवैध धार्मिक संरचनाओं को हटाने का अभियान जारी रहेगा. अगले चरणों में अन्य अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई होगी. अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की नीति का हिस्सा है.
इसी के साथ जानकारी देते हुए हरिद्वार के एसडीएम अजय वीर सिंह ने बताया कि अब तक एक दर्जन से अधिक अवैध मजारों को हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा ध्वस्त किया गया है. यदि हरिद्वार क्षेत्र के मदरसों को सील करने की बात करें, तो अब तक 10 मदरसों को हरिद्वार क्षेत्र में सील किया गया है. उत्तराखंड में अब तक 500 से ज्यादा अवैध मजारें हटाई जा चुकी हैं.
