मोदी, शाह, राजनाथ और नड्डा ने दी नितिन को बधाई
प्रधानमंत्री ने नितिन को युवा, मेहनती व विनम्र नेता बताया
कहा-पार्टी को और मजबूती मिलने का जताया भरोसा
नई दिल्ली: भाजपा ने रविवार को बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा के संसदीय बोर्ड के इस फैसले की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स हैंडल पर अपने एक पोस्ट में नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी नितिन नवीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने पर बधाई दी है। इसके साथ नवीन को सोशल मीडिया पर बधाई देने का तांता लग गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर अपने बधाई संदेश में लिखा कि नितिन नवीन ने एक मेहनती कार्यकर्ता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। वह युवा और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठन का अनुभव है और बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के तौर पर उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है। वह अपने विनम्र स्वभाव और जमीनी काम करने के तरीके के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूत करेगा। उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई।
ज्ञात रहे कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। तब से नये राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर कयास लगने लगे थे। नड्डा 2020 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए थे। बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष उनका कार्यकाल जून 2024 तक था। नवीन को यह जिम्मेदारी पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति को धार देने में उनकी भूमिका को देखते हुए दी गयी है। उनकी नियुक्ति को बिहार की राजनीति में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नवीन के नाम की घोषणा के साथ ही उन तमाम अटकलों पर भी विराम गया है। जिनमें कई दिग्गज नेताओं के नाम की संभावनाएं जताई जा रही थी। नितिन नवीन की नियुक्ति को लेकर भाजपा ने जातीय समीकरण भी साधने की कोशिश की है। भाजपा के नये अध्यक्ष कायस्थ समुदाय से आते हैं।
इस समुदाय से बीजेपी में शीर्ष पद पर कई नेताओं को लाने की बात लंबे समय से चल रही थी। साथ ही आने वाले पश्चिम बंगाल और 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन की अहम भूमिका हो सकती है। नितिन नवीन की बिहार में काफी मजबूत पकड़ है। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की अधिक सीटें लाने में उनका खास योगदान रहा है। वह इस बार लगातार पांचवीं बार बिहार विधानसभा चुनाव जीते हैं। एक बार फिर वह मंत्री बने हैं। वर्तमान में वह बांकीपुर विधानसभा से विधायक हैं। नितिन नवीन सिन्हा कायस्थ समुदाय से आते हैं और दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के बेटे हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने शत्रुष्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को भारी अंतर से हराया था। पुष्पम प्रिया चौधरी भी इस चुनाव में भारी अंतर से हार गई। वह भाजयुमो के राष्ट्रीय महासचिव भी थे।
नीतीश ने दीं शुभकामनाएं
पटना: सीएम नीतीश कुमार ने नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि बिहार के रहने वाले नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे 5वीं बार विधायक निवर्वाचित हुए हैं और हमारे साथ मंत्रिमंडल में ऊर्जावान सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं। नितिन नवीन एक समर्पित और अनुशासित राजनीतित हैं। मुझे उम्मीद है कि उनकी इस नाई जिम्मेदारी से भारतीय जनता पार्टी को और मजबूती मिलेगी। ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना है। मुख्यमंत्री ने नितिन नवीन से दूरभाष पर वार्ता कर भी उनहें अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
