केजरीवाल ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि क्या इस तरह चुनाव जीतेंगे. विस्तार से पढ़ें.
नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर चुनाव आयोग के अंतरिम आदेश के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए एक जैसा पैटर्न अपनाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि पहले शिवसेना, फिर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और अब तृणमूल कांग्रेस का मामला सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले किसी राजनीतिक दल में विभाजन कराया जाता है और उसके बाद उसके चुनाव चिह्न को लेकर विवाद खड़ा होता है।

राहुल गांधी ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता बताते हुए कहा कि चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी मतदाताओं के जनादेश की रक्षा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग इस जिम्मेदारी को निभाने के बजाय ऐसे कदम उठा रहा है, जिससे विपक्षी दलों को नुकसान पहुंच रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि यह केवल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुद्दा नहीं है, बल्कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव चाहने वाले राजनीतिक दलों और मतदाताओं से जुड़ा मामला है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी चुनाव आयोग के फैसले पर सवाल उठाए। नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा कि क्या इस तरह चुनाव जीते जाएंगे।
दरअसल, चुनाव आयोग ने गुरुवार को जारी अंतरिम आदेश में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े दोनों विरोधी गुटों को अंतिम नेतृत्व विवाद का समाधान होने तक ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फूल और घास’ वाले चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करने से रोक दिया है।
आयोग के मुताबिक, यह आदेश अरूप रॉय और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले दोनों गुटों को पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न के इस्तेमाल से रोकता है। यह फैसला नई दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन में हुई सुनवाई के बाद आया, जहां दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनी गईं। मामले में अंतिम निर्णय होने तक अंतरिम आदेश प्रभावी रहेगा।
