Under 19 Asia Cup 2025 Final: दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रनों के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार, 21 दिसंबर को खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान की जीत के हीरो समीर मिन्हास रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 172 रनों की यादगार पारी खेली। गेंदबाजी में अली रजा ने चार विकेट झटककर भारतीय पारी की कमर तोड़ दी।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय अंडर-19 टीम को शुरुआत से ही दबाव में रहना पड़ा। पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया और समीर मिन्हास ने पारी को मजबूती से संभालते हुए 113 गेंदों में 17 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 172 रन बनाए। उनके अलावा अहमद हुसैन ने 56 रनों का अहम योगदान दिया, जिससे पाकिस्तान ने निर्धारित ओवरों में 346 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन ने तीन विकेट जरूर लिए, लेकिन वह रन रोकने में नाकाम रहे।
347 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम दबाव में बिखरती नजर आई। शुरुआती झटकों के बाद टीम संभल नहीं पाई और महज 26.2 ओवर में 156 रन पर ऑलआउट हो गई। पावरप्ले के भीतर ही भारत ने अपने पांच विकेट गंवा दिए। दीपेश देवेंद्रन ने 16 गेंदों में 36 रनों की तेज पारी खेलकर संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन वह हार टालने के लिए काफी नहीं था।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने दूसरी बार पुरुष अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले 2012 में पाकिस्तान ने भारत के साथ संयुक्त रूप से ट्रॉफी जीती थी। वहीं, भारत अब भी सबसे सफल टीम बना हुआ है, जिसने यह टूर्नामेंट आठ बार जीता है। बांग्लादेश दो बार और अफगानिस्तान एक बार इस प्रतियोगिता का चैंपियन रह चुका है।
