भरे बाजार हत्या से दहशत, देहरादून में युवती का गला रेतकर मर्डर
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार में एक सनसनीखेज वारदात हुई। 23 वर्षीय युवती गुंजन की भरे बाजार चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक आकाश कुमार (27) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती घर से बाहर निकली थी। उसी दौरान आरोपी युवक ने बातचीत के बहाने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने चापड़ से गला रेत दिया, जिससे युवती मौके पर ही गिर पड़ी। गंभीर हालत में उसे दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी आकाश कुमार कई दिनों से युवती का पीछा कर रहा था। दोनों के बीच कुछ दिन पहले बहस भी हुई थी। घटना से दो दिन पहले आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी दी थी। युवती ने यह शिकायत खुड़बुड़ा चौकी में दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस के कथित सुस्त रवैए के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आकाश कुमार की शादी हो चुकी थी और दोनों के बीच पहले दोस्ती थी। शादी के बाद युवती ने उससे दूरी बना ली थी, लेकिन आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा। पुलिस के मुताबिक, शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने के कारण आरोपी के हौसले बुलंद हो गए और उसने युवती की हत्या कर दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, और बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी को सख्त सजा दिलाने की मांग की।
पुलिस कार्रवाई
नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की सख्त छानबीन जारी है।
