Udayprabhat
accidentBreaking Newsuttrakhand

उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बोलेरो पर गिरे बोल्डर, दो श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, तीन घायल

रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा सामने आया है. सोनप्रयाग-मुनकटिया के बीच एक बोलेरो वाहन पहाड़ी से गिर रहे बोल्डरों की चपेट में आ गया.

रुद्रप्रयाग:  उत्तराखंड में सड़क हादसे और पहाड़ी आपदाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार सुबह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। सोनप्रयाग-मुनकटिया के बीच पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से एक बोलेरो वाहन चपेट में आ गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और SDRF की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन उत्तरकाशी जिले से केदारनाथ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को लेकर सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर जा रहा था। सुबह करीब सवा सात बजे जैसे ही वाहन मुनकटिया स्लाइडिंग जोन पर पहुंचा, अचानक ऊपर से बड़े-बड़े बोल्डर टूटकर गाड़ी पर गिर पड़े। तेज रफ्तार से लुढ़के पत्थरों की चपेट में आने से वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने पुष्टि की कि वाहन में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल और एक अन्य को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को सोनप्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और घायलों को किसी तरह बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह इलाका लगातार भूस्खलन की चपेट में रहता है और बार-बार बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौरतलब है कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर इन दिनों भारी यातायात के बीच जगह-जगह भूस्खलन और चट्टान खिसकने की घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन लगातार यात्रियों को सावधानी बरतने की अपील कर रहा है, लेकिन प्राकृतिक आपदाओं के सामने एहतियात भी नाकाफी साबित हो रही है।

Leave a Comment