2024 के बाद 2026 में भी RCB चैंपियन बनी, वहीं दिल्ली कैपिटल्स लगातार चार फाइनल खेलकर भी ट्रॉफी से दूर रह गई !
दिल्ली कैपिटल्स के 204 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य को चेज करके RCB दूसरी बार चैंपियन बन गई.
WPL 2026 Final: महिला प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने इतिहास रचते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से शिकस्त दी और दूसरी बार WPL की चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल की शानदार बल्लेबाज़ी के दम पर आरसीबी ने 204 रनों के बड़े लक्ष्य को 19.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।
मंधाना–वॉल की ऐतिहासिक साझेदारी

आरसीबी की जीत की नींव कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने रखी। मंधाना ने 41 गेंदों में 87 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि वॉल ने 54 गेंदों में 79 रन बनाए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी हुई, जो WPL इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।
WPL का सबसे बड़ा सफल रन चेज
इस मुकाबले में आरसीबी ने WPL इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले 202 रनों का सबसे बड़ा चेज भी आरसीबी ने ही किया था। इस जीत के साथ टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े लक्ष्य का पीछा करने में वह सबसे मजबूत टीमों में से एक है।
दिल्ली कैपिटल्स का फाइनल में फिर टूटा सपना
दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह हार बेहद दर्दनाक रही। टीम लगातार चौथी बार WPL फाइनल हार गई। पहले तीन सीजन में मेग लैनिंग की कप्तानी में दिल्ली फाइनल तक पहुंची, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सकी। इस बार जेमिमाह रोड्रिग्स कप्तान थीं, लेकिन किस्मत नहीं बदली और दिल्ली का खिताबी इंतज़ार बरकरार रहा।
फाइनल मैच का पूरा हाल
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 203 रन बनाए। कप्तान जेमिमाह रोड्रिग्स ने 35 गेंदों में 57 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा लौरा वॉल्वारडट ने 44 रन, लीजेल ली ने 37 रन और चेनली हेनरी ने तेज़ 35 रन बनाए। आरसीबी की ओर से लौरा बेन सबसे किफायती गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन दिए।

आरसीबी की यादगार जीत
जवाब में आरसीबी ने लक्ष्य का पीछा आत्मविश्वास के साथ किया और 19.4 ओवर में 4 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। दिल्ली की ओर से चेनली हेनरी ने 2 विकेट लिए, लेकिन वह जीत नहीं दिला सकीं। शानदार पारी के लिए स्मृति मंधाना को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दो बार चैंपियन बनी आरसीबी
इस जीत के साथ आरसीबी अब मुंबई इंडियंस के साथ WPL की दो-दो बार चैंपियन बनने वाली टीम बन गई है। इससे पहले आरसीबी ने 2024 में भी फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था।
