अंदाज अपना-अपना के विलेन क्राइम मास्टर गोगो के रूप में शक्ति कपूर को काफी जाना जाता है। लेकिन इससे पहले वह 1980 में आई फिरोज खान की कुर्बानी में खलनायक विक्रम सिंह का भी किरदार निभा चुके थे। एक कार एक्सीडेंट की वजह से फिरोज की फिल्म में शक्ति की एंट्री हुई थी
राजा बाबू का नंदू हो या फिर या फिर अंदाज अपना-अपना का क्राइम मास्टर का गोगो, अभिनेता शक्ति कपूर ने कॉमेडी से लेकर खलनायक के हर एक किरदार में अपने दमदार अभिनय का लोहा मनवाया है। 71 वर्षीय शक्ति कपूर को फिरोज खान फिल्म कुर्बानी में विलेन विक्रम सिंह का किरदार निभाने के लिए भी जाना जाता है। ये रोल उनको एक कार एक्सीडेंट की वजह से मिला था।
अपनी फिएट कार को लेकर शक्ति कपूर मुंबई के लिंक रोड से जा रहे थे। क्योंकि संघर्ष के दौर में काम के लिए उन्हें किसी को अपना पोर्टफोलियो देना था। पीछे से एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। गुस्से में तिलमिला कर शक्ति अपनी गाड़ी से उतरे और सामने वाले को अपशब्द बोलते हुए आगे बढ़े कि तभी देखा विनोद खन्ना और फिरोज खान उस मर्सिडीज कार में से बाहर निकलते हैं और ये देखकर शक्ति कपूर हैरान हो जाते हैं।जब मुंबई के लिंक रोड पर शक्ति कपूर और फिरोज खान की कार आपस में टकरा गईं तो उस दौरान शक्ति ने गुस्सा भूलकर फिरोज जी को अपना परिचय दिया और बताया था कि वह पुणे फिल्म संस्थान से पढ़े हैं और काम की तलाश में हैं, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ में शायद शक्ति की आवाज गुम हो गई।फिर एक दिन शक्ति एक्ट्रेस डेजी ईरानी के घर पहुंचे, जो उन्हें अपना मुंहबोला भाई मानती थीं। डेजी के पति के.के. शुक्ला एक मशहूर फिल्म लेखक थे और वह उस वक्त फिरोज खान की कुर्बानी की कहानी लिख रहे थे। उन्होंने शक्ति से कहा मैं एक मूवी लिख रहा हूं, लेकिन उसमें तेरा रोल मुश्किल होगा, क्योंकि फिरोज साहब को उसकी तलाश जिसकी कार से उनका एक्सीटेंड हुआ था। के.के. शुक्ला ने आगे बताया- फिरोज उस भूरी आंखों वाले की तलाश कर रहे हैं, जो कार से गुस्से में उतरा था, उसके चेहरे और आंखों में वो विलेन वाला तेज था। उनकी ये बात सुनते ही शक्ति कपूर ने फौरन बताया कि अरे वो शख्स मैं ही हूं, मेरी ही फिएट से ही फिरोज जी मर्सिडीज टकरा गई थी।
इसके बाद के.के ने फिरोज खान को कॉल कर के उन्हें शक्ति कपूर के बारे में जानकारी दी और इस तरह से एक कार एक्सीटेंड की वजह से शक्ति को 1980 में आई शानदार फिल्म कुर्बानी में एंट्री मिली। शक्ति कपूर के अलावा इस फिल्म में विनोद खन्ना और जीनत अमान जैसे कई बड़े कलाकार भी मौजूद थे। फिल्म कुर्बानी से शक्ति कपूर और फिरोज खान की फिल्मों का सिलसिला शुरू हुआ जो लंबे समय तक चला। इसके बाद ये दोनों कलाकार फिल्म कच्चे हीरे, जांबाज और दो वक्त की रोटी में एक साथ नजर आए थे। उस दौर में नेगेटिव रोल में शक्ति कपूर का कोई मुकाबला नहीं था।