मुंबई: दिवाली के मौके पर रिलीज हुई दो फिल्मों — आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना स्टारर थामा और हर्षवर्धन राणे व सोनम बावजा की एक दीवाने की दीवानियत — ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर मचा दी है। दोनों फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला जारी है। एक तरफ जहां थामा ने तीन दिनों में 55.10 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए आधा शतक पूरा किया है, वहीं एक दीवाने की दीवानियत की दीवानगी भी दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रही है और फिल्म ने 22.75 करोड़ रुपये की मजबूत कमाई की है।
‘एक दीवाने की दीवानियत’ की जबरदस्त शुरुआत
रोमांटिक ड्रामा एक दीवाने की दीवानियत ने पहले दिन 10.10 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ शानदार शुरुआत की। फिल्म के दूसरे दिन की कमाई 8.88 करोड़ रुपये रही, जबकि तीसरे दिन यानी शुक्रवार को फिल्म ने 6 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। इस तरह फिल्म का तीन दिनों का कुल कलेक्शन 22.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म के लीड एक्टर हर्षवर्धन राणे के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। इस फिल्म ने उनकी पिछली हिट सनम तेरी कसम (जिसने लाइफटाइम में 16 करोड़ रुपये कमाए थे) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दर्शकों को फिल्म की कहानी, संगीत और दोनों कलाकारों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री खूब पसंद आ रही है। सिनेमाघरों में एक दीवाने की दीवानियत के शो में लगातार दर्शकों की भीड़ देखने को मिल रही है।
‘थामा’ का हॉरर-लव स्टोरी तड़का
वहीं, आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की हॉरर-लव स्टोरी थामा भी दर्शकों को डरा और हंसा दोनों रही है। फिल्म ने पहले दिन 24 करोड़ रुपये की बंपर ओपनिंग की थी, लेकिन दूसरे दिन इसमें हल्की गिरावट दर्ज की गई और कमाई 18.60 करोड़ रुपये रही। तीसरे दिन फिल्म की रफ्तार और धीमी हुई, पर फिर भी थामा ने 12.50 करोड़ रुपये कमाकर तीन दिनों में कुल 55.10 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
फिल्म को मडॉक हॉरर यूनिवर्स का हिस्सा माना जा रहा है, जो दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो चुका है। समीक्षकों का कहना है कि फिल्म में आयुष्मान की परफॉर्मेंस, रोमांस और डर का संतुलन इसे एक मनोरंजक पैकेज बनाता है।
दिवाली रिलीज का डबल धमाका
दोनों फिल्मों की रिलीज दिवाली के हफ्ते में होना बॉक्स ऑफिस के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। वीकेंड पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है और उम्मीद है कि शनिवार व रविवार को इनकी कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिलेगा। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि जहां थामा 75 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की ओर बढ़ रही है, वहीं एक दीवाने की दीवानियत भी पहले वीकेंड में 50 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बना सकती है।
वीकेंड पर होगा बंपर कलेक्शन
एक दीवाने की दीवानियत और थामा दिवाली के मौके पर मंगलवार को रिलीज हुई थी और अब फिल्म का पहला वीकेंड आ गया है. दोनों ही फिल्में शुक्रवार, शनिवार और रविवार को बंपर कलेक्शन कर सकती हैं. कहना गलत नहीं होगा कि वीकेंड का सबसे ज्यादा फायदा एक दीवाने की दीवानियत को मिलने जा रहा है और हो सकता है कि फिल्म पहले वीकेंड की कमाई से घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर ले.
