Udayprabhat
Entertainmentदुनियादेश

8 दिन में 100 करोड़ पार, साउथ सिनेमा की पहली महिला सुपरहीरो फिल्म ने रचा इतिहास, अब हिंदी में हुई रिलीज – LOKAH CHAPTER 1 CHANDRA

साउथ सिनेमा से रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘लोका’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। यह महिला सुपरहीरो फिल्म वर्ल्डवाइड महज आठ दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। लोका के शानदार कलेक्शन ने बड़े-बड़े फिल्ममेकर्स को हैरान कर दिया है। खास बात यह है कि यह साउथ सिनेमा की पहली वुमन सेंट्रिक फिल्म है जिसने 100 करोड़ क्लब में एंट्री मारी है।

फिल्म 28 अगस्त को रिलीज हुई थी और अब अपने आठवें दिन यानी 4 सितंबर को भी सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। इसके बढ़ते क्रेज को देखते हुए फिल्म का हिंदी वर्जन भी 4 सितंबर को रिलीज कर दिया गया है। इसके साथ ही हिंदी ट्रेलर भी दर्शकों के सामने आ चुका है।

बॉलीवुड से भी मिल रहा सपोर्ट

फिल्म ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता है बल्कि बॉलीवुड से भी तारीफें बटोरी हैं। अभिनेत्री आलिया भट्ट ने इंस्टा स्टोरी पर पोस्ट शेयर कर लिखा – “क्या मिस्टिरियस फिल्म है, बहुत खुश हूं कि इसे इतना प्यार मिल रहा है। ऐसे सिनेमा को मेरा पूरा सपोर्ट और प्यार।”
वहीं, अक्षय कुमार ने भी एक्स (ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा – “फैमिली में टैलेंट है, सुना था और अब देख भी लिया। प्रियदर्शन सर की बेटी कल्याणी प्रियदर्शन की फिल्म लोका को इतना प्यार मिल रहा है, टीम को बधाई। हिंदी वर्जन को भी खूब प्यार मिले।”

कमाई के आंकड़े

सैकनिल्क के अनुसार, लोका ने वर्ल्डवाइड 101 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है। सिर्फ भारत में फिल्म का कलेक्शन 47.32 करोड़ रुपये पहुंच गया है और उम्मीद है कि वीकेंड से पहले यह आंकड़ा 50 करोड़ पार कर लेगा।
फिल्म ने ओपनिंग डे (मलयालम) पर 2.7 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे दिन 4 करोड़, तीसरे दिन 7.6 करोड़, चौथे दिन 10.1 करोड़, पांचवें दिन 7.2 करोड़, छठे दिन 7.65 करोड़ और सातवें दिन 7.19 करोड़ का बिजनेस हुआ।

अनुष्का शेट्टी की फिल्मों को पीछे छोड़ा

‘लोका’ की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसने अनुष्का शेट्टी की चारों वुमन-सेंट्रिक हिट फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। महानती (85 करोड़), रुद्रमादेवी (80 करोड़), अरुंधति (68.5 करोड़) और भागमती (64 करोड़) की तुलना में ‘लोका’ सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला प्रधान फिल्म बन गई है।

प्रोडक्शन और स्टारकास्ट

महज 30 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म वेयफेयरर फिल्म्स के बैनर तले बनाई गई है और इसके निर्माता साउथ सुपरस्टार दुलकर सलमान हैं। निर्देशन की कमान डोमिनिक अरुण ने संभाली है। फिल्म की नायिका और सुपरहीरो किरदार में प्रियदर्शन की बेटी कल्याणी प्रियदर्शन नजर आ रही हैं, जिनकी परफॉर्मेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।

Leave a Comment