जयपुर: भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकार दीप्ति नवल और अमोल पालेकर लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने जा रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘तारा और आकाशः लव बियॉन्ड रेल्म्स’ 26 सितंबर को पूरे देशभर में रिलीज होने वाली है। दर्शक इस फिल्म को लेकर खासा उत्साहित हैं क्योंकि यह न केवल एक अनोखी प्रेमकथा है, बल्कि इसमें अध्यात्म और सांस्कृतिक दर्शन का अद्भुत संगम भी देखने को मिलेगा।
फिल्म के प्रमोशन के लिए रविवार को इसके मुख्य कलाकार और को-प्रोड्यूसर जितेश ठाकुर तथा अलंकृता बोरा जयपुर पहुंचे। मालवीय नगर स्थित टीजीआईडी में मीडिया से बातचीत के दौरान दोनों कलाकारों ने फिल्म की शूटिंग और अपने अनुभव साझा किए। मिस्टर सुप्रानेशनल 2016 द्वितीय रनर-अप रहे जितेश ठाकुर और मिस दीवा 2016 फाइनलिस्ट अलंकृता बोरा इस फिल्म के जरिए मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
‘तारा और आकाश’ भारत और स्विट्ज़रलैंड का पहला संयुक्त सिनेमाई प्रयास है। इसे व्हिस्पर्स फ्रॉम इटर्निटी फिल्म्स ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) के सहयोग से प्रस्तुत किया है। स्विट्ज़रलैंड टूरिज़्म और वहां की सरकार ने भी विशेष समर्थन दिया है।
इस फिल्म की अंतरराष्ट्रीय यात्रा भी बेहद खास रही। 2024 में इसका वर्ल्ड प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में हुआ, जबकि एशियन प्रीमियर उसी वर्ष इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में आयोजित किया गया। इसके बाद 2025 में वेव्स बाजार में विशेष स्क्रीनिंग रखी गई, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।
निर्देशक श्रीनिवास अन्नोल ने फिल्म की कहानी को स्विट्ज़रलैंड की खूबसूरत वादियों में फिल्माया है। अलंकृता बोरा, जो कथक में पंडित बिरजू महाराज की शिष्या रह चुकी हैं, कहती हैं कि यह फिल्म उनके कलात्मक आत्मा का प्रतिबिंब है। उनका मानना है कि ‘तारा और आकाश’ सिर्फ प्रेमकथा नहीं, बल्कि संस्कृतियों और सार्वभौमिकता को जोड़ने वाला सिनेमाई अनुभव है।
