Udayprabhat
uttrakhandराज्य

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी आयोजित।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी आयोजित।

कोटद्वार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पब्लिक इण्टर कालेज सुरखेत में आयोजित पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी में छात्र – छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वच्छता अभियान चलाकर माल्टा के फलदार पौधों का रोपण किया गया। विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, यूसर्क विज्ञान चेतना केन्द्र तथा इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा एन०एस०एस० के गढ़वाल मण्डल कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस ‘ भूमि बहाली, मरुस्थलीकरण और सूखे के प्रति सहनशीलता ‘ थीम के साथ मनाया जा रहा है। वनों की कटाई, वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं, वैश्विक तापीयन, प्रदूषण के कारण हवा और जल की लगातार खराब होती जा रही गुणवत्ता, प्राकृतिक आपदाओं और जीव – जन्तुओं की कई प्रजातियों के विलुप्त होने से पारिस्थितिकी तंत्र में असन्तुलन पैदा होने के कारण पर्यावरण पर संकट गहराता जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के लिए वरदान माने जाने वाले पीपल, बरगद, नीम जैंसे पेड़ों का अधिक से अधिक रोपण करके तथा उन्हें संरक्षित रखकर हम पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं। इस अवसर पर छात्र – छात्राओं ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर पेड़ – पौधों और फुलवारियों की निराई गुड़ाई करने के साथ ही यूसर्क उद्यान वाटिका में माल्टा के फलदार पौधे रोपित करके उनकी सिंचाई का कार्य किया। उत्तराखण्ड विज्ञान शिक्षा एवं अनुसन्धान केन्द्र (यूसर्क) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तराखण्ड शासन देहरादून के विश्व पर्यावरण दिवस पर गूगल मीट के द्वारा आयोजित किये गये आनलाईन कार्यक्रम से जुड़कर विद्यार्थियों ने यूसर्क की निदेशक डॉ० अनीता रावत, वैज्ञानिक डॉ० भवतोष शर्मा, डॉ० राजेन्द्र सिंह राणा और अन्य वैज्ञानिकों के व्याख्यान सुनकर महत्वपूर्ण जानकारियां अर्जित की। कार्यक्रम में आर्यन चौहान, सुजल, आयुष, विश्वजीत रावत, अनुज, आदर्श, अभिजीत, कु० मनीषा, पिया, इन्द्रा, आरुषि, सानिया, राधिका, महक, हेमलता, तमन्ना, श्रुति, पुनीता सहित विद्यालय के कार्मिक मनवर चौहान, धर्मेन्द्र रावत, प्रेम सिंह नेगी और सतेन्द्र रावत मौजूद रहे।

Leave a Comment