रुद्रप्रयाग: रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सत्तेराखाल से करीब चार किलोमीटर पीछे मायकोटी डाट पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 55 वर्षीय शिव लाल, निवासी ग्राम बोरा, रुद्रप्रयाग की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि शिव लाल विकास भवन रुद्रप्रयाग में चालक के पद पर कार्यरत थे और ड्यूटी के लिए रुद्रप्रयाग जा रहे थे। वहीं, कार नागनाथ पोखरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान मायकोटी डाट पुल के समीप दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मृतक के शव को जिला अस्पताल लाया जा रहा है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
