हरिद्वार: भारत विकास परिषद, शिवालिक शाखा की ओर से माता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जन्म जयंती के अवसर पर उनके जीवन चरित्र पर आधारित एक गोष्ठी का आयोजन डॉ. ऋचा घोष के सुभाष नगर स्थित आवास पर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माता अहिल्याबाई होल्कर के सामाजिक योगदान, धार्मिक कार्यों तथा सनातन संस्कृति को समृद्ध करने के लिए विभिन्न मंदिरों के जीर्णोद्धार में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। वक्ताओं ने विषम परिस्थितियों में भी अपने साम्राज्य को सुदृढ़ करते हुए जनकल्याण के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर माता अहिल्याबाई पर संस्कृत में पीएचडी प्राप्त करने पर डॉ. ऋचा घोष को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने उनके शोध कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
