Udayprabhat
uttrakhand

राहुल गांधी के बयानों के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, जातिवादी फैलाने का लगाया आरोप

देहरादून: कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयानों को लेकर उत्तराखंड में सियासी घमासान तेज हो गया है। सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित गांधी पार्क में प्रदर्शन कर कांग्रेस के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। भाजपा ने इस कार्यक्रम को ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ नाम दिया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की बयानबाजी उत्तराखंड की सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को प्रभावित करने वाली है। पार्टी नेताओं का कहना था कि उत्तराखंड की पहचान शांतिपूर्ण सामाजिक वातावरण, आपसी सहयोग और सौहार्द के लिए रही है, ऐसे में राजनीतिक लाभ के लिए समाज को जातिगत आधार पर बांटने वाली बयानबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी।

धरने में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक संरचना और प्रदेश की छवि को लेकर किसी भी तरह की विवादित राजनीतिक टिप्पणी का पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

भाजपा नेताओं ने उत्तराखंड को वीर शहीदों की धरती और देवभूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश की सामाजिक एकजुटता इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयानों के जरिए प्रदेश में जातिवादी सोच को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के बयानों पर आपत्ति जताई। पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता सामाजिक विभाजन की राजनीति के बजाय विकास, भाईचारे और प्रदेश हित को प्राथमिकता देती है।

Leave a Comment