Udayprabhat
uttrakhand

मसूरी में अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, नोटिस के बाद लिया एक्शन

मसूरी: शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। झूलाघर क्षेत्र में मसूरी पब्लिक स्कूल के सामने किए गए अनधिकृत निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन के साथ एमडीडीए, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।

एसडीएम मसूरी राहुल आनंद के निर्देश पर तहसीलदार उपेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम ने रॉक स्टोन, अपर झूलाघर क्षेत्र में कार्रवाई की। प्रशासन के मुताबिक यहां संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा की ओर से किए गए अनधिकृत निर्माण के मामले में नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

बताया गया कि मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया था। आदेश की प्रति संबंधित पक्ष को 19 अगस्त को उपलब्ध कराई गई थी और उन्हें 15 दिनों के भीतर स्वयं निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा दो सितंबर को समाप्त होने के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया।

प्रशासन का कहना है कि ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ कोई प्रभावी स्थगनादेश भी प्राप्त नहीं हुआ था। वहीं संबंधित निर्माणकर्ता की ओर से कमिश्नर के समक्ष की गई अपील भी खारिज हो चुकी थी। इसके बाद सोमवार को पुलिस बल की मौजूदगी में चार दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।

 

मसूरी में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे कई मामले प्रशासन और विकास प्राधिकरण के स्तर पर विचाराधीन हैं. जांच और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
-राहुल आनंद, एसडीएम-

 

नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा ने बताया कि कार्रवाई निर्धारित नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

गौरतलब है कि मसूरी में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाए जाते रहे हैं। इससे पहले मॉल रोड क्षेत्र में भी अवैध रूप से पटरी लगाकर कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इस दौरान कार्रवाई को लेकर नगर पालिका की टीम और कुछ लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी सामने आई थी।

Leave a Comment