रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा छेनागाड़ से करीब दो किलोमीटर आगे मथ्यागांव के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन टीम (DDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, जिला आपदा कंट्रोल रूम को सुबह करीब 8:20 बजे मथ्यागांव के समीप वाहन दुर्घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद बचाव दलों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम को वाहन में रोहित पुत्र जगत सिंह (26), मोहन सिंह पुत्र भाग सिंह (65) और विनोद सिंह पुत्र दरमान सिंह (42) मिले। बचाव अभियान के दौरान रोहित घायल अवस्था में मिले, जबकि मोहन सिंह और विनोद सिंह की मौत हो चुकी थी।
दुर्गम और खड़ी पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य में टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जवानों ने कठिन परिस्थितियों के बीच वाहन तक पहुंचकर तीनों को बाहर निकाला। घायल रोहित को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं, दोनों मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। हादसे की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।
