Udayprabhat
uttrakhand

पत्रकार हितों पर हुई चर्चा, डीएम ने दिया समाधान का भरोसा

चमोली: जिला स्तरीय स्थायी पत्रकार समिति की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में पत्रकार कल्याण, प्रेस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के प्रभावी प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत जिला सूचना अधिकारी एवं समिति के सदस्य सचिव धीरज कार्की ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं उपस्थित पत्रकार सदस्यों का स्वागत कर समिति के उद्देश्यों और कार्यों की जानकारी देते हुए की। उन्होंने बताया कि पत्रकारों से संबंधित समस्याओं एवं उत्पीड़न के मामलों पर विचार कर उनका नियमानुसार निस्तारण, प्रेस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना समिति के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

बैठक में पत्रकार सदस्यों ने पत्रकार कल्याण कोष, वयोवृद्ध पत्रकार पेंशन, पत्रकार मान्यता, पत्रकार हितों तथा वीआईपी/वीवीआईपी भ्रमण के दौरान प्रेस पास की व्यवस्था जैसे विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से उठाए। पत्रकारों ने इन समस्याओं के समाधान को लेकर अपने सुझाव भी जिलाधिकारी के समक्ष रखे।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने पत्रकार सदस्यों द्वारा रखे गए प्रकरणों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि पत्रकारों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

पत्रकारों ने प्रेस एवं प्रशासन के बीच संवाद को और प्रभावी बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं प्रेस प्रतिनिधियों की समय-समय पर संयुक्त बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया। पत्रकारों का कहना था कि इससे विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकेगी।

बैठक में जनपद के सभी पत्रकारों की सूची विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ साझा किए जाने का सुझाव भी रखा गया। इस अवसर पर स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की जिला इकाई की ओर से वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकारों को प्रदान की जाने वाली मासिक सम्मान निधि में वृद्धि की मांग को लेकर संयुक्त ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।

Leave a Comment