केदारनाथ में सबसे अधिक भीड़, एक दिन में 80 हजार श्रद्धालु पहुंचे
सुरक्षा और मौसम निगरानी पर सरकार की विशेष नजर
देहरादून: उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाने की ओर तेजी से बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के मात्र 25 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 12.60 लाख के पार पहुंच गई है। बुधवार को अकेले चारों धामों—केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री—में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुआ था। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। यात्रा के दौरान सबसे अधिक उत्साह केदारनाथ धाम को लेकर देखने को मिल रहा है, जहां अब तक 5.23 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।
प्रदेश सरकार यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम खराब होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने स्लॉट मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण प्रणाली को और प्रभावी बनाया है। साथ ही, रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए यात्रा मार्ग और धामों की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम का स्वरूप और अधिक दिव्य और भव्य हो गया है। पैदल यात्रा मार्ग में सुधार होने से श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित बनी है।
सरकार ने मौसम पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी तंत्र भी स्थापित किया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रशासन का दावा है कि सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
