देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ज्ञान गंगा सम्मान समारोह एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को सम्मानित किया और मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सम्मान और छात्रवृत्ति वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिभाओं को पहचान देने और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर देने की सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे की शिक्षा में सहयोग करना उसके सपनों को पूरा करने में सहभागी बनना है।
धामी ने स्वर्गीय कुसुम कांता को श्रद्धांजलि देते हुए उनके संगीत, साहित्य और शिक्षा के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि कुसुम कांता फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास, डिजिटल साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंथन वेलफेयर एसोसिएशन के सामाजिक कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
