उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जनपद के नौगांव क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी एवं पीएम कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज धौंतरी में पृथ्वी दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी में छात्र-छात्राओं ने गांव के एक प्राकृतिक जल स्रोत की सफाई एवं धारा पूजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह अभियान पिछले कुछ वर्षों से शिक्षक सुरक्षा रावत के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है, जिसके तहत लुप्त हो रहे जल स्रोतों के पुनर्जीवन का कार्य किया जा रहा है। प्रवासी व्यवसायी सुभाष गौड़ ने अपनी माता-पिता की स्मृति में इस जल स्रोत के पुनर्निर्माण में सहयोग देकर स्थल का स्वरूप बदल दिया।
प्रधानाचार्य नरेश रावत ने पृथ्वी दिवस के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डालते हुए जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण एवं जल स्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्य अतिथि इंदिरा जोशी ने छात्रों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
वहीं धौंतरी स्थित इंटर कॉलेज में भाषण, निबंध, पोस्टर एवं हस्तशिल्प प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विज्ञान शिक्षक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल ने पृथ्वी दिवस की थीम “हमारा ग्रह, हमारी शक्ति” पर प्रकाश डालते हुए सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता बताई।
प्रतियोगिताओं में विभिन्न छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि प्रधानाचार्य ने सभी को पृथ्वी संरक्षण की शपथ दिलाते हुए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया।
