Udayprabhat
uttrakhand

चारधाम यात्रा: सीओ ने यात्रा मार्गों पर पुलिस ड्यूटी का निरीक्षण कर दिए सख्त यातायात निर्देश

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 के शुभारंभ के साथ ही उत्तरकाशी जिले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार ने गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे पर विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मातली, बडेती, रतूडीसेरा, डुण्डा, नालुपानी, धरासू बैण्ड, नगुण, कल्याणी ब्रह्मखाल, शिवगुफा, सिलक्यारा, ग्योनोटी और रॉडी टॉप सहित कई स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने संकरे और संवेदनशील मार्गों पर तैनात जवानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही ब्रह्मखाल शिवगुफा क्षेत्र में रुकने वाले श्रद्धालुओं के लिए कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाहनों की उचित पार्किंग कराने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक ने श्रद्धालुओं से यात्रा और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक धरासू मनोज असवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment