हल्द्वानी: उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के दौरान नैनीताल अपहरण प्रकरण और फायरिंग मामले समेत बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने हल्द्वानी में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और पुलिस पर आरोप लगाते हुए कानून व्यवस्था विफल होने का विरोध किया।
शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बुद्ध पार्क पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस ने कहा कि नैनीताल और पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। दिनदहाड़े अपहरण और हत्याएं हो रही हैं, महिलाओं की सुरक्षा नहीं है और महिला अपराध लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि केंद्र सरकार की रिपोर्ट में उत्तराखंड महिला अपराध में देश में पहले नंबर पर है। उन्होंने पंचायत चुनाव के दौरान भाजपा समर्थक लोगों द्वारा किए गए अपराधों का हवाला देते हुए कहा कि पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
विधायक सुमित हृदयेश ने नैनीताल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान नेता प्रतिपक्ष और चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस द्वारा मारपीट और अनुचित व्यवहार अस्वीकार्य है। उन्होंने चेताया कि जब तक प्रदेश सरकार पुलिस के उच्च अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती, कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कानून व्यवस्था सुधारने की मांग दोहराई।
