एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का सीएसआर सहयोग
देहरादून। स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हर्रावाला मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) में कचरा प्रबंधन वाहन, फर्श निर्माण कार्य और सुरक्षा दिवार (बाउंड्री वॉल) का लोकार्पण किया गया। यह कार्य एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड के सीएसआर सहयोग से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड से राजत ग्रोवर (सीएचआरओ), समीर सक्सेना (रीजनल हेड, उत्तराखंड) और निशांत बांगेरा (सीएसआर हेड) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस एमआरएफ का संचालन वेस्ट वॉरियर्स संस्था द्वारा किया जा रहा है, जो देहरादून और हिमालयी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने हेतु कार्यरत है।
राजत ग्रोवर ने कहा कि हर्रावाला एमआरएफ में हुआ सकारात्मक बदलाव प्रेरणादायक है और इससे स्थानीय सफाई साथियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण व रोजगार के अवसर मजबूत हो रहे हैं। नए वाहन और निर्माण कार्य से एमआरएफ की कार्य क्षमता बढ़ेगी तथा संग्रहण, पृथक्करण और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी होगी। हर्रावाला एमआरएफ वर्तमान में देहरादून का एकमात्र मॉडल केंद्र है, जो एकीकृत कचरा प्रबंधन प्रणाली को प्रदर्शित करता है।
