विधायक पुत्र द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से वाहन में वीआईपी पट्टिका, हूटर तथा काली फिल्म का किया जा रहा था इस्तेमाल
देहरादून: दिल्ली ब्लास्ट के मद्देनजर देहरादून में जारी सघन चेकिंग अभियान के दौरान बसंत विहार पुलिस ने सोमवार को एक संदिग्ध सफारी वाहन को रोका। वाहन पर आगे “विधायक” का बोर्ड लगा था, शीशों पर काली फिल्म चढ़ी थी और हूटर भी लगा हुआ था। जाँच में वाहन में कोई विधायक नहीं मिला, जबकि चालक ने स्वयं को बाहरी राज्य के विधायक का पुत्र बताया।
नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर ही वीआईपी बोर्ड, काली फिल्म और हूटर हटवाया तथा वाहन को सीज कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
एसएसपी देहरादून ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और कानून सबके लिए समान। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी वाहन में भ्रामक बोर्ड, वीआईपी प्रतीक या अवैधानिक उपकरणों का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर हर हाल में कार्रवाई तय है.
