Udayprabhat
uttrakhand

गढ़वाल और कुमाऊं में बनेंगे स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन, सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में धामी सरकार ने बड़ा कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में एक-एक स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन (SEZ) स्थापित करने के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को सीएम आवास में हुई उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को कहा कि दोनों क्षेत्रों में प्रस्तावित SEZ का रोडमैप जल्द तैयार किया जाए, ताकि इस वित्तीय वर्ष में ही परियोजना पर जमीनी काम शुरू किया जा सके।

सीएम धामी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए तीर्थस्थलों और आस-पास के क्षेत्रों का समग्र विकास करना है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन में योग, ध्यान, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, स्थानीय हस्तशिल्प, पर्वतीय उत्पादों और सांस्कृतिक आयोजनों को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाए।

सीएम ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड को ‘स्पिरिचुअल कैपिटल’ के रूप में और मजबूत पहचान दिलाएगी और शीतकालीन पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। बैठक में शीतकालीन यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के शीतकालीन पर्यटन स्थलों पर यात्रा, आवास, परिवहन और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाए।

साथ ही, इन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पारंपरिक और आधुनिक माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि राज्य की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान मिल सके।

सीएम धामी ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए और प्रत्येक चरण की समयबद्ध मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। सरकार का लक्ष्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ राज्य की प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहरों को संरक्षित करते हुए सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ना है।

Leave a Comment